क्षेत्र के लगभग 40 गांवों की बिजली शुक्रवार देर रात अचानक गुल हो गई। सरना के पास 220 केवी लाइन में खराबी के चलते ऐसी स्थिति उत्पन्न हुई। बिजली आपूर्ति ठप पड़ने से संबंधित गांवों के अलावा सुजानपुर कस्बे की पानी सप्लाई भी ठप रही।
शुक्रवार रात करीब दो बजे सरना के पास 220 केवी लाइन में खराबी आने से रात दो बजे से लेकर सुबह दस बजे तक सुजानपुर, अजीजपुर, खदावर, माधोपुर, फिरोजपुर कलां, भदराली, मिर्जापुर, गुड़ा खुर्द, इटी, भजूरा, इस्लामपुर, छोटेपुर, कालाचक्क, फलकपुर सहित लगभग चालीस गांवों की बिजली ठप रही। इससे जबरदस्त गर्मी में लोगों को पूरी रात बेचैनी में गुजारनी पड़ी।
यही वजह था कि गांवों के लोगों को सुबह जलयोजनाओं से पीने वाला पानी नहीं मिला। लोगों को मजबूरी में कुओं से पीने के लिए पानी लाना पड़ा। इस संबंध में सरपंच मुनीष बजाज, राज कुमार शर्मा, जोगिन्द्र पाल, सुरेश महाजन बोवी, चमन लाल ,सुभाष चंद्र,ने बताया कि बिजली बंद होने के कारण उन्हें गर्मी में बैठकर रात गुजारनी पड़ी।
वहीं लोगों को सुबह अपने रोजमर्रा के कार्य निपटाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा । इस संबंध में पावरकाम उपमंडल सुजानपुर के एसडीओ सुरिन्द्र कुमार ने बताया कि सरना मेें 220 केवी लाइन में खराबी आने से बिजली बंद हुई थी। खराबी दूर कर सुबह 10 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई ।