सिटी पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल दोनों ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। आरोपी जम्मू निवासी बताए जा रहे हैं। शहर के शास्त्री नगर की गली नं.-चार निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी पूनम की शादी जम्मू के गांधी नगर के मोहल्ला वाल्मीकि निवासी कुलदीप के साथ 15 जनवरी, 2012 को हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया, लेकिन एक महीने बाद ही ससुरालियों ने पूनम को कम दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पूनम के ससुरालियों ने दो लाख रुपये दहेज में लाने के लिए मारना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया गया और दो लाख की मांग पूरी होने तक उसको प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। राजकुमार ने बताया कि उनकी हैसियत दो लाख की मांग पूरी करने वाली नहीं थी। इसके बाद 20 हजार रुपये उन्हें दिए।
24 मार्च, 2012 को उनकी बेटी को नशीला पदार्थ खिलाकर कमरे में बंद कर दिया और बाद में उसे छुड़ाने के लिए पहुंचने पर दो लाख लाने पर ही लौटने की धमकी दी। उन्होंने बताया कि ससुरालियों ने शादी में दिया दहेज का सामान भी खुर्दबुर्द कर दिया। बाद में लड़की अपने मायके में आ गई। मामले की शिकायत पर वुमन सेल की जांच के आधार पर थाना डिवीजन नं.1 में कुलदीप और उसके पिता मंगत राम के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। दोनों ही आरोपी फरार बताए जाते हैं।