पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाई मुहिम के तहत सोमवार देर शाम को अलीवाल रोड पर दबिश देकर देह व्यापार के एक अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन महिलाओं और दो मर्दों को संदिग्ध हालत में काबू किया है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही थी।
इस सबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि स्थानीय अलीवाल रोड पर एक घर में कुछ औरतें और मर्द संदिग्ध हालत में हैं। इस पर पुलिस चौकी सिंबल के इंचार्ज प्रकाश सिंह ने पुलिस पार्टी समेत अलीवाल रोड पर एक घर में छापा मारा और तीन महिलाओं और दो आदमियों को काबू किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक जब पुलिस ने उक्त घर में छापा मारा तो घर में मौजूद आदमियों और अन्यों ने भागने की कोशिश की मगर पुलिस ने उनकी इस कोशिश को नाकाम कर दिया और उक्त पांचों को काबू कर लिया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस क्षेत्र में देह व्यापार का यह अड्डा काफी समय से चल रहा था और इसकी मुखी एक औरत थी जिसने यह मकान किराए पर लिया हुआ था और धंधा करा रही थी।
इस संबंध में प्रकाश सिंह ने फोन पर घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने छापामारी कर में तीन महिलाओं और दो युवकों को पकड़ा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस कार्रवाई कर रही है।