दिवाली के ठीक एक दिन पहले विधानसभा सेशन से पठानकोट पहुंचे विधायक अश्वनी शर्मा ने सड़कों के जीर्णोद्धार को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। विधायक ने शनिवार को ढांगू रोड की मरम्मत का कार्य शुरू क रवा दिया है। नैरोगेज लाइन से शुरू किए इस कार्य को बाद दोपहर तक पूरा कर लिया गया। इस सड़क पर ट्रैफिक जाम न हुए, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस भी तैनात की गई थी।
विधायक ने कहा कि शहर का ढांगू रोड शहर को नेशनल हाईवे से जोड़ता है। इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े थे। उन्होंने बताया कि वे इस रोड की मरम्मत त्योहारों के बाद करवाना चाहते थे लेकिन शहर की बाकी सड़कों की रिपेयर का काम भी जल्दी निपटाना है, जिसे देखते हुए इस रोड की मरम्मत दिवाली से एक दिन पहले ही करवा दी।
सड़क निर्माण में अनियमितता सहन नहीं
विधायक अश्वनी शर्मा की देखरेख में शहर के ढांगू रोड पर तारकोल डाली गई और बुलडोजर से रोड को समतल किया गया। विधायक ने कहा कि अक्सर शहर के लोगों की शिकायत रहती है कि सड़कें बनवाने या उसकी मरम्मत करवाने के कुछ दिन बाद ही सड़कें फिर से खस्ताहाल हो जाती हैं। इस बात को ध्यान में रखकर उन्होंने अपनी देखरेख में काम करवाया। उन्होंने कहा कि काम में अनियमितता किसी भी सूरत में सहन नहीं की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस को निर्देश
विधायक ने जिला ट्रैफिक पुलिस प्रभारी कपिल कौशल को त्योहारों के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था में किसी भी तरह की ढील न बरतने के निर्देश दिए। जिला ट्रैफिक पुलिस प्रभारी सहित पूरी टीम के साथ करीब 15 मिनट तक बात करने के बाद कहा कि त्योहारों के मद्देनजर भीड़ अधिक होने के चलते अक्सर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा जाने से इसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ता है। ट्रैफिक सुधार के लिए यदि अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की जरूरत पड़े तो उन्हें भी ड्यूटी पर लगाएं।