पठानकोट। दशम पिता श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को गुरुद्वारा सिंह सभा सराई मोहल्ला की तरफ से शहर में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। भारी ठंड के बावजूद नगर कीर्तन में भारी संगत का सैलाब उमड़ा। नगर कीर्तन का विभिन्न बाजारों में पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया। नगर कीर्तन में स्कूली-बच्चों केसाथ साथ बैंड पार्टियों ने भी हिस्सा लिया। सत श्री अकाल के उद्घोष से पूरा पठानकोट गूंज उठा।
पांच प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन गुरुद्वारा सिंह सभा सराई मोहल्ला से शुरु होकर इंदिरा कालोनी, रेलवे रोड, वाल्मीकि चौक, सलारिया चौक, काली माता मंदिर चौक, गाड़ी अहाता चौक, डल्हौजी रोड, मिशन रोड, मेन बाजार, डाक खाना चौक, गांधी चौक के रास्ते दोबारा गुरुद्वारा प्रांगण में जाकर संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर कीर्तन की अगुवाई करते पांच प्यारे करते चल रहे थे। उनके पीछे श्री गुरु अर्जुन देव सीसे स्कूल, संत आश्रम स्कूल समेत विभिन्न स्कूलों के बच्चे बैंड बजाते चल रहेथे।
उनके पीछे बैंड पार्टियां गुरु का गुणगान करते चल रहे थे। जबकि ठंड के बावजूद नंगे पांव पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब के आगे संगत सफाई करते चल रही थी और ठंड के बावजूद उनमें उत्साह कम नहीं हुआ। इस अवसर पर बाजारों में विभिन्न संस्थाओं की ओर से नगर कीर्तन का पुष्प वर्षा केसाथ स्वागत किया गया। ग्रंथ साहिब के दर्शनों के लिए सड़कों पर संगत का सैलाब भी उमड़ा। जत्थेदार केसर सिंह फुल्वाड़ी गतका पार्टी ने अपने हैरतअंगेज करतब दिखाकर सबको दांतों तले उंगलियां चबाने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर जसबीर सिंह संधू, हरदीप सिंह गुलाटी, हरजीत सिंह माकन, हरदेव सिंह, मनजीत सिंह, सिमरनजीत सिंह, हरजीत सिंह, सुरिंद्र सिंह सिंहपुरा, कुलवंत सिंह सहित भारी तादाद में संगत मौजूद थी।