चाइनीज डोर को स्टोर करने, बेचने और उसके प्रयोग पर रोक लगाने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन अब गंभीर नजर आ रही है। एडीसी की ओर से इस बात का दावा किया गया है कि इस मामले में कार्रवाई के लिए उन ओर से सख्ती बरती जा रही है।
सहायक डिप्टी कमिश्नर बलजीत सिंह ने अफसरों के साथ हुई बैठक में कहा कि पुलिस विभाग की ओर से चाइनीज डोर को स्टोर करने, उसका प्रयोग व बेचने वालों पर छापामारी कर विभिन्न थानों में नौ मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक 125 गट्ट व 10 किलो दो सौ ग्राम चाइनीज डोर बरामद की गई है। उन्होंने कमेटी के सदस्यों व पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे चाइनीज डोर बेचने, स्टोर व खरीद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर इसकी सूचना डिप्टी कमिशभनर कार्यालय में भेजें। हाल में इस डोर के प्रयोग से हुईं घटनाओं को देखते हुए इसे खतरनाक समझा जा रहा है।
उन्हाेंने कहा कि अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी को चाइनीज डोर संबंधी कोई सूचना मिलती है, तो वह तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। उन्होंने स्कूलों व कालेजों के मुखिया से कहा कि वह विद्यार्थियों को चाइनीज डोर का प्रयोग न करने संबंधी जागरूकता फैलाएं।
उन्हाेंने व्यापार मंडल व समाजसेवकों से अपील की है कि वह चाइनीज डोर को स्टोर करने, बेचने व प्रयोग करने वालों के विरुद्घ जिला प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई के लिए सहयोग करें।
इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम पठानकोट सुखमंदर सिंह, जिला लोक संपर्क अधिकारी पाल सिंह, डीएसपी रणजीत सिंह, तहसीलदार यशपाल शर्मा, एमई सतीश सैनी, नायब तहसीलदार लक्ष्मण सिंह सहित कमेटी के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।