भारत स्वाभिमान की स्थानीय इकाई की ओर से बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती तथा पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रभारी भगवान सिंह चौहान के खिलाफ यहां की पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा गया है। यह शिकायती पत्र भारत स्वाभिमान की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष तिलक राज की ओर से सौंपा गया है।
मामले में होशियारपुर के बसपा प्रत्याशी और पार्टी के जम्मू-कश्मीर प्रभारी भगवान सिंह चौहान, पार्टी प्रमुख मायावती के अलावा कुछ मीडिया ट्रेडर्स पर भी आरोप लगाया गया है। भारत स्वाभिमान गुरदासपुर के जिला मीडिया प्रभारी रोहित उप्पल ने बताया कि भगवान सिंह चौहान ने गत रविवार को होशियारपुर में प्रदर्शन के दौरान भीड़ को संबोधित करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव के सिर लाने वाले को एक करोड़ रुपये का इनाम देने की घोषणा की थी।
इसी आधार पर केस दर्ज कराने के लिए पुलिस से शिकायत की गई है। उन्होंने बताया कि इस टिप्पणी को कुछ टीवी चैनलों पर भी प्रसारित किया गया था। काबिलेगौर है कि पिछले दिनों रामदेव द्वारा दिए गए हनीमून संबंधी बयान के खिलाफ होशियारपुर में प्रदर्शन और पुतला फूंकने के दौरान भगवान सिंह चौहान ने यह आपत्तिजनक बयान दिया था। उधर, पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायती पत्र प्राप्त हो गया है, हालांकि मामले में अभी तक केस दर्ज नहीं किया गया है।