शहर के निकटवर्ती गांव खतीब मोड़ से चार युवकों ने एक युवती को अगवा कर लिया। उस दौरान युवती अपने माता-पिता के साथ थी। परिजनों का आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने उनके साथ हाथापाई भी की। मामले में युवती के पिता ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। हालांकि पुलिस की ओर से रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। परिजनों का कहना है कि युवती अभी नाबालिग है। वहीं पुलिस युवती को बालिग मान रही है।
युवती के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री को कुछ लोग चार माह पहले भी उठाकर ले गए थे। इस संबंध में उन्होंने रेप के मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। बावजूद इसके मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई। वीरवार को वह इसी मामले से संबंधित मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल गए थे।
मगर वहां से डॉक्टरों ने कहा कि पहले युवती को एसएसपी के सामने पेश किया जाए, ताकि पीड़ित लड़की के बयान दर्ज हो सकें। शुक्रवार को जब वे युवती का बयान दर्ज कराने उसके साथ एसएसपी कार्यालय जा रहे थे तभी गांव के मोड़ पर भारी भीड़ वाले स्थान पर मौजूद चार युवकों ने उनसे साथ हाथापाई की। साथ ही वे उनकी बेटी को अगवा कर फरार हो गए।
मामले में थाना किला लाल सिंह के प्रभारी चंद्र कुमार ने बताया कि चार महीने पहले मामले से संबंधित युवती का विवाह एक युवक से कोर्ट में कराया गया था। इसके बाद युवती के के पिता ने आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री नाबालिग है, मगर जांच में यह बात सामने आई थी कि युवती बालिग है। शुक्रवार को अगवा संबंधी घटना को लेकर लड़की के पिता ने लिखित शिकायत की है। हालांकि पुलिस अभी रिपोर्ट दर्ज करने की बजाय मामले की तफ्तीश कर रही है।