जिले में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार सुंदरचक्क में चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि खिड़की तोड़कर बैंक में दाखिल चोर स्ट्रांग रूम तोड़ने में नाकाम रहे। वैसे जाते-जाते वे कंप्यूटर का एक हिस्सा अपने साथ ले गए।
उधर, शिकायत पर कानवां पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है। पीएनबी के ब्रांच मैनेजर प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि 29 अप्रैल को बैंक बंद कराने के बाद वे घर चले गए थे। अगले दिन लोकसभा चुनाव चुनाव के तहत मतदान होना था। मतदान के बाद एक मई को मजदूर दिवस के चलते छुट्टी थी।
उन्होंने बताया कि छुट्टी का फायदा उठाकर रात के समय चोर बैंक की खिड़की तोड़कर भीतर दाखिल हुए। अंदर चोरों ने स्ट्रांग रूम को काटने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिश नाकाम रही। चोर कंप्यूटर मानीटर का एक पार्ट निकाला और अलमारी में तोड़फोड़ की। दो मई को जब वे बैंक पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।
शिकायत के आधार पर कानवां पुलिस ने मौका मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका है।