आरपीएफ ने पठानकोट कैंट रेलवे स्टेशन पर वीरवार की शाम अफगानिस्तान का एक नागरिक गिरफ्तार किया।
वह
बेगमपुरा एक्सप्रेस में बिना टिकट यात्रा कर रहा था। उसके पास से दो
मोबाइल, दो पेन ड्राइव, दो डाेंगल, एक लैपटाप बरामद हुआ है। शुक्रवार को
उसे कोर्ट में पेश किया। अदालत ने उसके चार फरवरी तक के लिए रिमांड पर भेज
दिया। अब मामले की जांच जीआरपी करेगी। आरपीएफ के थाना प्रभारी योगेश यादव
ने बताया पठानकोट में एयरबेस पर आतंकी हमले के बाद रेलवे स्टेशनों पर
सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
वीरवार की शाम करीब 5:15 बजे पठानकोट
कैंट रेलवे स्टेशन पर जम्मू से वाराणसी जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस आकर
रुकी। टीटी यात्रियों के टिकट की जांच कर रहे थे। एक युवक अपनी टिकट नहीं
दिखा पाया। इस पर उसे आरपीएफ थाने में ले जाया गया। वहां उसके व्यवहार से
संदेह पैदा हुआ। वह बातचीत करने में हिचकिचा रहा था और न ही वह अपना नाम व
पता बता रहा था। जब उससे सख्ती से पूछताछ में युवक की पहचान नालोक मीर (25)
पुत्र बल्ली मोहम्मद, निवासी द्वार्जीवाला, जिला जस्थक, अफगानिस्तान के
रूप में हुई।
नालोक मीर ने पूछताछ में बताया कि वह 2013 में
टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर नाम बदलकर रह
रहा था। इस समय वह जम्मू में सुरेश कुरैशी के नाम से रह रहा था। नालोक मीर
से तलाशी में दो मोबाइल, दो पेन ड्राइव, दो डाेंगल, एक लैपटाप बरामद हुआ
है।
आरपीएफ ने उसके खिलाफ रेलवे एक्ट 137, 145 व 146 के तहत केस
दर्ज किया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 4
फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच जीआरपी को सौंप दी गई है।
जीआरपी के डीएसपी मक्खन सिंह ने बताया कि रिमांड के दौरान पूछताछ में पता
किया जाएगा कि कहां-कहां रहा। बेगमपुरा एक्सप्रेस से वह कहां जा रहा था।
उसके किसी आतंकी संगठन के साथ संबंध तो नहीं हैं। उससे मिले मोबाइल, पेन
ड्राइव, डोंगल, लैपटाप की जांच की जा रही है।