पठानकोट। पुलिस ने शहर के तांगा एजेंसी स्थित एक लाज में छापामारी कर देह व्यापार के अड्डे का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने वहां से एक महिला और तीन युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा है, जबकि लाज मालिक और मैनेजर मौके से फरार हो गए। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
डिवीजन नं.1 के एसएचओ कपिल कौशल ने बताया कि एसआई दिलीप कुमार ने नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गुप्त सूचना के आधार पर तांगा एजेंसी स्थित एक लाज में छापामारी एक महिला और तीन युवकों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा है। छापामारी के चलते दो लोग लाज से भागने में सफल हो गए। उन्होंने बताया कि पुलिस को लाज में देह व्यापार का धंधा चलाए जाने की सूचना मिली थी। आरोपियों की पहचान सराई मोहल्ला निवासी अरुण कुमार, बसंत कालोनी निवासी रजिंद्र कुमार, मोहल्ला रामपुरा निवासी रोहित कुमार के रूप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़ी गई महिला ममून की निवासी है। उन्होंने बताया कि होटल का मालिक सौरभ उर्फ लक्की और मैनेजर गुरदासपुर के गांव बब्बेहाली निवासी अजय गिल फरार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उक्त छह आरोपियों के खिलाफ देह व्यापार के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए छापामारी जारी है और उन्हें जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।