गुरदासपुर। मुख्य संसदीय सचिव गुरबचन सिंह बब्बेहाली ने कहा है कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा पंजाब की तरक्की नहीं चाहते हैं। इसके चलते वे गलत बयानबाजी कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। बब्बेहाली सोमवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। इस मौके पर अकाली दल के प्रवक्ता सेवा सिंह सेखवां भी मौजूद थे।
इस दौरान सेवा सिंह सेखवां ने कहा कि प्रदेश भाजपा 1997 से अब तक संगत दर्शन लगाती आ रही है। इसका मकसद आम लोगों की आवाज को सुनना और उन्हें तुरंत न्याय दिलाना है। संगत दर्शन कार्यक्रमों से तुरंत न्याय मिलने के साथ-साथ प्रदेश की तरक्की भी जल्द होती है। इनमें करोड़ों रुपये की ग्रांटें मौके पर ही मंजूर होती हैं। इसके बावजूद प्रताप सिंह बाजवा गलत आरोप लगा कर इन संगत दर्शनों को बंद करवाने की धमकी देकर हाईकोर्ट में जाने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा कि बाजवा ने गांव नैनेकोट में बनी आईटीआई को गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के रीजनल कैंपस का दर्जा नहीं प्राप्त करने दिया। बाद में उस आईटीआई को निजी हाथों में ही सौंप दिया जो अब दम तोड़ चुकी है। इस मौके पर बब्बेहाली ने कहा कि उन्होंने हलके में इतने काम किए हैं जो कांग्रेस अपने 20 साल के शासन में भी नहीं कर पाई। हलके में साढ़े 6 करोड़ की लागत से फ्लड लाइटों युक्त खेल स्टेडियम का निर्माण, छह करोड़ की लागत से नर्सिंग अस्पताल, 17 करोड़ की लागत से 66 केवी नया सब सटेशन, शहरों की पूरी केबल बदली और 100 से ज्यादा ट्रांसफार्मर लगवाए है। उन्होंने कहा कि जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स बनाने संबंधी जिले की प्रमुख मांग भी 59 करोड़ की लागत से पूरी की जा रही है।