फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट पहुंच बाजवा पर बरसे कमल शर्मा

Wed, 03 Apr 2013 05:30 AM IST
Pathankot
विज्ञापन
विज्ञापन
पठानकोट। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा ने कहा कि पंजाब में अमन शांति बरकरार है और कांग्रेस की राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग गैर जिम्मेदाराना है। कमल मंगलवार को पठानकोट जिले के तीनों विधानसभा हलकों में पार्टी की रैलियों में शिरकत करने आए थे। इस मौके पर उन्होंने एक दिन में पठानकोट, सुजानपुर के पंगोली और भोआ के तारागढ़ में तीन रैलियां करके लोकसभा चुनाव का शंखनाद भी किया।
विज्ञापन

पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा सत्र का बहिष्कार करके खुद ही लोकतांत्रिक मर्यादा का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि सूबे में अमन और शांति पूरी तरह से बरकरार है। फगवाड़ा में एएसआई की मौत का उन्हें दुख है, लेकिन बदमाशों से मुठभेड़ में उनकी मौत हुई है उसमें किसी नेता की कोई भूमिका अभी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी हताश हो चुके हैं और कांग्रेस के प्रधान की राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग गैर जिम्मेदाराना है। प्रदेश में वित्तीय संकट के बारे में उन्होंने कहा कि मामला गठबंधन सरकार का है और अकाली-भाजपा दोनों ही पार्टियां उस पर चिंतन कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही पंजाब में वित्तीय संकट से उबरकर बाहर आएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने स्थापना दिवस 6 अप्रैल से पहले प्रदेश में लोकसभा चुनाव का आगाज करने जा रही है। 6 अप्रैल को अमृतसर और गुरदासपुर समेत तीन सीमावर्ती जिलों में रैलियां की जाएंगी।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रताप बाजवा पर कटाक्ष करते हुए कमल शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को नीचा दिखाने के लिए आक्रामक भाषण दिए जा रहे हैं, जबकि भाषणबाजी से कुछ नहीं होगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव तय करेंगे, जनता किसे चाहती है। उन्होंने कहा कि पिछले नौ साल में केंद्र की कांग्रेस सरकार की लूटखसूट सामने आई है। केंद्र सरकार की आधी कैबिनेट जेल या फिर जमानत पर चल रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के मुद्दे ढूंढने की जरूरत नहीं है, बल्कि कांग्रेस की ओर से रोजाना कोई न कोई मुद्दा दिया जा रहा है। बस उन मुद्दों को मजबूत विरोधी दल के नाते जनता की कचहरी में उठाना है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में जनता की कचहरी के बीच कांग्रेस का चेहरा बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव तक भाजपा के सामने कई चुनौतियां हैं जिनसे पार पाने की जरूरत है। उन्होंने चुनाव में जीत के लिए कार्यकर्ताओं से संगठन और लीडरशीप को मजबूत करने के साथ ही एकजुटता का भी आह्वान किया। इस अवसर पर डिप्टी स्पीकर दिनेश सिंह बब्बू, विधायक अश्वनी शर्मा, विधायक सीमा कुमारी, पूर्व सांसद विनोद खन्ना, पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल, भाजपा नेता स्वर्ण सलारिया, जिला प्रभारी उमेश शाकर, जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन सतीश महाजन, जिला अध्यक्ष नरेंद्र परमार ने भी संबोधित किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें