आम आदमी पार्टी (आप) की टोपी पर बने झाडू के निशान के बाद मुस्लिम समाज में यह टोपी गंभीर चर्चा का विषय बनी हुई है, टोपी पहनने अथवा न पहनने को लेकर समाज के धार्मिक नेता एकमत नहीं है और इस मामले पर फतवे पर फतवे आ रहे हैं, जिससे समाज के आम लोग असंमजस की स्थिति में पड़ गए हैं।
रविवार को आल इंडिया मुस्लिम पर्सनल ला बोर्ड के पंजाब से प्रवक्ता और प्रसिद्ध धर्मगुरू मुफ्ती मौलाना फजैल-उल-रहमान हिलाल उसमानी ने इस मुद्दे पर दो टूक प्रतिक्रिया जारी की है और जारी बयान में साफ किया है कि आप की टोपी में कहीं कोई बुराई नहीं है और न ही झाड़ू के निशान से धार्मिक मर्यादा में कहीं कोई नुकसान पहुंचता है।
उन्होंने साफ कहा कि ऐसे फतवों का क्या उद्देश्य है, यह उनकी समझ से परे है, अलबत्ता झाडू के निशान की टोपी में कोई हर्ज नहीं है।
उधर, मुस्लिम धर्मगुरूओं की प्रसिद्ध संस्था आल इंडिया जमात-उल-उलेमा हिंद के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष मौलाना वहाब्बुद्दीन कासमी का कहना है कि आप की टोपी का इस्लाम से कोई संबंध नहीं है, इसलिए इससे पहनने में कोई हर्ज नहीं है।