न दलालों का चक्कर, न ही कतारों में घंटों का इंतजार। अब पासपोर्ट बनवाना काफी आसान हो गया है। एनआरआई के गढ़ दोआबा में भी अब पासपोर्ट ऑफिस खुल सकेगा। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने विदेश मंत्री से एनआरआई और उनके परिजनों की सुविधा के लिए नवांशहर में पासपोर्ट दफ्तर खोलने की अपील की थी।इसे सुषमा स्वराज ने स्वीकार कर लिया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि नवांशहर का पासपोर्ट दफ्तर, कुछ समय पहले मंजूर किए गए पटियाला पासपोर्ट दफ्तर से अलग होगा।
कैप्टन कुछ समय पहले ही किडनी ट्रांसप्लांट से गुजरीं स्वराज की सेहत के बारे में पूछने उनसे मिलने दिल्ली गए थे। सीएम ने भारत विरोधी गतिविधियों और फूट डालने की कार्रवाई में कथित भागीदारी के लिए केंद्र सरकार की काली सूची में शामिल सिख युवाओं के नाम हटाने में देरी किए जाने पर चिंता जताई। काली सूची में होने के कारण उनके देश में आने पर प्रतिबंध है। स्वराज ने कहा कि वह यह मामला गृह मंत्रालय के समक्ष उठाएंगी, जोकि लगातार सूची में कांट-छांट करता रहता है।
बैठक के दौरान विदेश में रह रहे सिखों पर नस्लीय हमलों पर भी चर्चा की गई। स्वराज ने कहा कि वह निजी तौर पर विदेशों में रह रहे पंजाबियों को वहां की सरकारों द्वारा सुरक्षा मुहैया कराने का मुद्दा उठा रही हैं। सीएम ने सुरक्षा, कृषि, व्यापार के क्षेत्र में सहयोग के लिए दोनों देशों के बीच वर्किंग ग्रुप स्थापित करने का मुद्दा भी उठाया। इस ग्रुप का प्रस्ताव इस्राइल के राजदूत ने कैप्टन के साथ मीटिंग में रखा था। सीएम ने इसे राष्ट्र हित में बताया।