न्यू अनाज मंडी में तीन अज्ञात लोगों द्वारा युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस की सुस्त कार्रवाई से नाराज मजदूरों ने राजपुरा-पटियाला रोड लिबर्टी चौक पर जाम लगा दिया।
इस घटना में एक युवक अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था। सोमवार को डॉ. अंबेदकर संस्था के प्रधान सहित सैकड़ों मजदूरों ने अपनी महिलाओं और बच्चों के साथ जाम लगाकर पुलिस प्रशासन और आढ़ती एसोसिएशन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सिटी थाना प्रभारी के आश्वासन देने के बाद जाम हटाया गया।
मृतक रमेश बंगाली की पत्नी रूपेश रानी ने रोष धरने के दौरान बताया कि उसके पति की हत्या के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस प्रशासन अभी तक हथियारबंद लोगों को नहीं पकड़ सका और न ही इस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया गया है। रूपेश रानी ने बताया कि घर का सारा गुजारा पति की कमाई से चलता था। इस मौके पर संस्था के प्रधान जोगिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस प्रशासन जब तक हत्यारों को काबू नहीं करता, हमारा संघर्ष चलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन अगर इस प्रकार ढुलमुल रवैया अपनाता रहा तो राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर इंसाफ की मांग की जाएगी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजन परमिंदर सिंह ने मौके पर पहुुंच कर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि वह जल्द से जल्द से आरोपियों को काबू कर लेंगे। प्रदर्शनकारियों ने आश्वासन मिलने के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया।
शुक्रवार रात रमेश बंगाली न्यू अनाज मंडी दुकान नंबर 208 में सो रहा था। दुकान के पास रहने वाले अजय कुमार ने अपना मोबाइल चार्ज करने के लिए दुकान में लगाया हुआ था। देर रात जब अजय ने अपना मोबाइल लेने के लिए दुकान का शटर उठाया तो तीन अज्ञात लोगों ने उसके सिर पर किसी हथियार से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया। अजय ने बताया कि अगर तीनों हमलावर उसके सामने आ जाएं तो वह उन्हें पहचान लेगा।