जीरकपुर। शुक्रवार शाम करीब पौने 5 बजे के बाद अचानक तेज आंधी और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से शहर की सड़कें पानी भरने से लबालब हो गईं। सड़कों पर कई फीट तक पानी भरने से लंबा जाम लग गया। जिसे सुचारू होने में करीब दो घंटे लग गए। इस बारिश से भरे पानी के कारण झुग्गी झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को भारी नुकसान हुआ है। लोग अपने दो पहिया और चार पहिया वाहन फ्लाइओवर के नीचे खड़े होकर बरसात के रुकने का इंतजार करने लगे। लेकिन 20 मिनट की बरसात के कारण पटियाला और अंबाला रोड पर भारी जाम लग गया। पटियाला चौक पर तो घुटनों तक पानी भर गया। इस कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और जाम लगना शुरू हो गया, जिसे ट्रैफिक पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद क्लियर किया। हालांकि बरसात रुकने के बाद शाम करीब 6 बजे फिर से हल्की बरसात होनी शुरू हुई तो दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके घर जाते नजर आए। बरसात के बाद लोगों ने गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस की है। लेकिन वह लोगों को बरसात के कारण परेशानी भी झेलनी पड़ी। क्योंकि नगर परिषद और राजनीतिक लोगों की अनदेखी के कारण शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की तरफ बिलकुल भी ध्यान नही दिया गया। जिसके चलते हल्की सी बरसात में शहर पानी में डूब जाता है और लोग नगर परिषद अधिकारियों और राजनीतिक लोगों को कोसते रहते हैं। वहीं, अचानक हुई भारी बारिश के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है।