मोहाली। सेक्टर-79 में वीरवार दोपहर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब भारतीय जनता पार्टी के नेता वहां एक होटल में चुनानी घोषणा पत्र जारी करने लिए पहुंचे थे। इसी दौरान होटल के बाहर कुछ लोग किसानी झंडे लेकर पहुंच गए और साथ ही भारतीय जनता पार्टी और केंद्र सरकार के विरोध में नारेबाजी करने लगे। इस दौरान जब भाजपा नेता वहां से जाने लगे तो उक्त लोग उनसे भी उलझ गए और उनके साथ धक्का मुक्की की कोशिश की और जब भाजपा नेता वापस जाने लगे तो उनकी गाड़ियों के आगे लेटकर उनके काफिले को रोकने की कोशिश करने लगे। इस मौके पर पुलिस ने पहुंचकर कार्रवाई कर स्थिति को संभाला। वहीं, भाजपा नेताओं का कहना था कि यह पूरा खेल सत्ताधारी कांग्रेस करवा रही है। क्योंकि झंडे लेकर पहुंचे युवाओं में कुछ लोग कांग्रेसी नेताओं के साथ आम देखे जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर निर्वाचन आयोग और पंजाब के डीजीपी के सामने मामला उठाया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से सेक्टर-79 में चुनानी घोषणा पत्र जारी करने का कार्यक्रम रखा गया था। दोपहर एक बजे की प्रेस कांफ्रेंस थी। इसी बीच होटल के बाहर पर कुछ लोग पहुंच गए और उन्होंने हाथों में किसानी झंडे पकड़े हुए थे। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का विरोध किया और साथ ही केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी। इसी बीच जब भाजपा नेता होटल से बाहर आए तो उनसे भी बहस करने लगे। यहां तक कि उनकी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई। एक नेता की गाड़ी को थोड़ा नुकसान भी पहुंचा है। हालांकि वहां पर काफी संख्या में पुलिस पहुंच गई थी और स्थिति तनावपूर्ण होता देख भारतीय जनता पार्टी के नेता वहां से अपनी गाड़ियों में निकल गए। भारतीय जनता पार्टी के चुनाव आब्जर्वर और वरिष्ठ नेता केडी भंडारी, सुखविदंर सिंह गोल्डी और संजीव वशिष्ट का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई कांग्रेस करवा रही है। वह इस मामले में जल्दी ही निर्वाचन आयोग और वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगे। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है।