कुराली। गांव मुंधो संगतिया के एक नौजवान की मस्कट में मौत हो गई। परिवार ने बेटे का शव घर लाने के लिए सरकार और समाज सेवी संस्थाओं से मदद की मांग की है। बलविंदर सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने बेटे सुखराज सिंह (24 वर्षीय) को एक साल पहले रोजगार के लिए मस्कट भेजा था।
सुखराज मस्कट में ड्राइवर था। वहां की पुलिस के अनुसार उसकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। पिता बलविंदर सिंह ने बताया कि बड़ी मुश्किल से रुपये जुटाकर सुखराज को मस्कट भेजा था, लेकिन अब शव वापस लाने का कोई विकल्प नहीं है।
गांव के सतनाम सिंह, जगमोहन सिंह, चरणजीत सिंह, लोक हित मिशन के नेता सुखदेव सिंह, सुक्खा कंसाला, गुरमीत सिंह शांटू, रविंदर सिंह वजीदपुर ने केंद्र, पंजाब और समाज सेवी संस्थाओं से सुखराज के शव को लाने का प्रबंध करने की अपील की है। संवाद