जीरकपुर। बलटाना गांव के एक युवक ने कोई जहरीली चीज खाकर खुदकुशी कर ली। उसने पांच नवंबर को कोई जहरीली चीज निगल ली थी। इसके बाद गंभीर हालत में उसे जीएमसीएच सेक्टर-32 में भर्ती करवाया गया था। यहां इलाज के दौरान वीरवार को उसने दम तोड़ दिया। मृतक के भाई सोनी ने बताया कि उसका भाई जसविंदर सिंह प्रॉपर्टी का काम करता था। जसविंदर ने अपने सुसाइड नोट में कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के नाम लिखकर उनको अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। उसका उनके साथ ढाई लाख रुपये का लेनदेन था और उसके पास पैसे नहीं होने के कारण उसने आत्महत्या करने की बात कही है। सोनी ने बताया कि पांच नवंबर को ही उसने पुलिस को सुसाइड नोट दिया और सुसाइड नोट में दर्ज प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा। लेकिन पुलिस राजनीतिक दबाव के कारण आरोपी प्रॉपर्टी डीलरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने बताया कि वह वीरवार सुबह 9 बजे पुलिस चौकी आए थे, पर उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। बात करने पर चौकी इंचार्ज कुलवंत सिंह ने कहा कि वह मृतक के कुछ हाथ से लिखे कागजात उनको सौंप दें और जिस बैंक खाते में पैसे का लेनदेन हुआ है, उसकी कोई कॉपी लाकर दें, ताकि कार्रवाई की जा सके। लेकिन उन्होंने पैसे के लेनदेन की अभी तक कोई बैंक कॉपी नहीं दी। जबकि परिवार वालों ने बताया कि चौकी इंचार्ज की उनके साथ ऐसी कोई बात नहीं हुई।