डेराबस्सी। गुलाबगढ़ रोड पर रहने वाले एक युवक ने तीसरी मंजिल पर टंकी के पाइप से रस्सी बांध फंदा लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान गांव जवाहरपुर निवासी 25 साल के हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हरप्रीत सिंह की गुलाबगढ़ रोड पर वाटर फिल्टर की दुकान थी। बुधवार की रात उसने सोशल मीडिया पर एक लड़की से ब्रेकअप होने की पोस्ट शेयर की थी, इसके बाद सुबह उसका शव दुकान के पास ही एक दुकान की तीसरी मंजिल की दीवार के साथ लटका मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, इसमें उसने एक लड़की के साथ अपने प्यार का इजहार किया और कहा कि अगर वह उससे नहीं मिली तो वह जिंदा नहीं रहेगा। लड़की को संबोधित करते हुए उसने कहा कि अब वह अपना वादा पूरा कर रहा है और अब उसके बाद वह भी पूरा करेगी। वह आत्महत्या कर रहा और उसका इंतजार करेगा। मृतक के दोस्तों ने बताया कि पिछले दो महीनों से वह सोशल मीडिया पर अपने अकाउंट पर दुखद पोस्ट शेयर कर रहा था, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि वह प्यार में असफल हो गया है। थाना प्रमुख मनदीप सिंह ने बताया कि सूचना के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने बताया कि मृतक के दो भाई हैं। पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।