खरड़। इकोसिटी में एक जज की निर्माणाधीन कोठी में काम करने वाले मजदूरों को नशे में धुत चौकीदार और उसके साथियों द्वारा बंधक बनाने और मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना में मजदूरों को बचाने पहुंचे इंजीनियरों पर भी हमला किया गया।
पीड़ित अनिल कश्यप ने बताया कि चौकीदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले मजदूरों को बंधक बनाया और उनके साथ छीना-झपटी की। सूचना मिलने पर जब इंजीनियर मौके पर पहुंचे तो उन पर रॉड, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस दौरान अमित कश्यप की चेन और अन्य सामान भी छीन लिया गया। घटना की सूचना पर घायलों को करीब ढाई बजे रात खरड़ सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज शुरू हुआ और पुलिस को रिपोर्ट भेजी गई।
पीड़ितों ने आरोप लगाया कि पीसीआर कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन मेडिकल कराने के बजाय आधार कार्ड लेकर चले गए। बाद में घायलों को फेज-6 और फिर खरड़ सिविल अस्पताल में मेडिकल के लिए ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार अनिल की नाक से खून बह रहा था, उन्हें सीटी स्कैन के लिए रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों को एक्स-रे की सलाह दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस ने कहा-मुल्लांपुर आ जाओ
रात को पुलिस चुपचाप चली गई। इसके बाद सुबह पुलिस ने पीडि़तों पर ही दबाव बनाना शुरू कर दिया। एक एएसपी का कॉल आया और उसने अनिल और अमित को धमकाते हुए कहा कि फटाफट मुल्लांपुर आ जाओ।