जीरकपुर। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर नगर परिषद जीरकपुर में पंजाब एटक के उपाध्यक्ष विनोद चुग की अध्यक्षता में बड़ी संख्या में मजदूरों और कर्मचारियों ने मजदूर दिवस मनाया। मजदूर नेताओं ने कहा कि पंजाब के सभी नगर निगम, नगर काउंसिल और नगर पंचायतों की यूनियनों ने फैसला लिया है कि यदि 6 मई 2026 तक उनकी मांगों को नहीं माना गया तो 6 मई से प्रदेशभर के मजदूर और कर्मचारी लंबे समय के लिए हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी। इससे पूर्व मजदूरों ने शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि देकर यूनियन का लाल झंडा लहराया और श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान पंजाब एटक के उपाध्यक्ष विनोद चुग और मुलाजिम एक्शन कमेटी मोहाली पंजाब के जिला प्रधान प्रदीप कुमार सूद ने पत्रकारों को बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार को बने चार साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन मजदूरों और कर्मचारियों की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आज भी कर्मचारी 10 से 12 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करने को मजबूर हैं। नेताओं ने कहा कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले आउटसोर्स और कच्चे कर्मचारियों को स्थायी करने और वेतन वृद्धि के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब तक ये सभी वादे पूरे नहीं हुए।
इससे कर्मचारियों और मजदूरों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि पंजाब भर में रोजाना मजदूर अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही। इस अवसर पर जीरकपुर यूनिट के अध्यक्ष रविंद्र पाल सिंह, महासचिव सतीश भाटली, सचिव सूरज कुमार, प्रोपेगेंडा सचिव सुरेश कुमार, उपाध्यक्ष सफी अली, सलाहकार प्रदीप बिशनपुर, कोषाध्यक्ष रवि सूद, उपाध्यक्ष अनिल कुमार, उपाध्यक्ष राकेश कुमार, उपाध्यक्ष बृजपाल और प्रचार सचिव गौरव कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी और मजदूर मौजूद रहे।