जीरकपुर। वीआईपी रोड के जैपुरिया सनराइज सोसाइटी में टॉवर-बी में रहने वाले 76 वर्षीय बुजुर्ग हरभजन सिंह की बालकनी से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हरभजन सिंह एक पब्लिक सेक्टर यूनिट से रिटायर्ड कर्मचारी थे। अपने परिवार के साथ फ्लैट नंबर 501 में रहते थे। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह बाजार से रोजमर्रा का सामान लेकर लौटे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद वह अपनी बालकनी में गए। वहां अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गए। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी जान जा चुकी थी। गिरने की तेज आवाज सुनकर सोसाइटी के निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला हादसा प्रतीत हो रहा है। संवाद