जीरकपुर। पंजाब से लोगों का दिल्ली किसान आंदोलन में आना लगातार जारी है। इसी के तहत बनूड़ और इसके आसपास के गांवों से महिलाओं का एक जत्था दिल्ली रवाना हुआ। इस दौरान किसानों के पक्ष में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
यह जत्था भारतीय किसान यूनियन एकता (डकोंदा) मोहाली के प्रधान जगजीत सिंह कराला, भारतीय किसान यूनियन सिधुपुर मोहाली के सीनियर मीत प्रधान सरपंच किरपाल सिंह स्याऊ, अमरीक सिंह कराला, यादविंदर सिंह कराला, मनप्रीत सिंह और गुरप्रीत सिंह की अगुवाई में दिल्ली के लिए रवाना हुआ। किसान यूनियन सिधुपुर के ब्लॉक प्रधान लखविंदर सिंह ने ज्यादा से ज्यादा संख्या में दिल्ली पहुंचने की अपील की।
इस मौके पर आंदोलन में पहुंची महिलाओं मनजीत कौर, हरविंदर कौर, मनजीत कौर, कुलदीप कौर और रीना ने बताया कि खेती बिलों के खिलाफ केंद्र सरकार के रवैये के कारण उन्होंने दिल्ली आंदोलन में आने का फैसला किया।