बलटाना। सैनी विहार फेज-3 की दर्जनों महिलाएं बुधवार को इकट्ठी होकर डोर-टू -डोर सफाई कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत लेकर नगर परिषद के दफ्तर पहुंचीं। यहां उन्होंने कार्यकारी अधिकारी से सफाई कर्मचारियों की शिकायत करनी चाही तो अधिकारी के दफ्तर में न मिलने के बाद उन्हें मायूस लौटना पड़ा। इस दौरान एकत्र हुई महिलाओं ने कहा कि वह शुक्रवार को फिर से कार्यकारी अधिकारी के दफ्तर पहुंचकर सफाई कर्मचारियों की शिकायत करेंगी।
नगर परिषद दफ्तर पहुंची महिलाओं में उमा जोशी, सीमा कटारिया, शीला कौशल, सुधा पांडे, निधि बलूनी व अन्य ने बताया कि हम तीन बार इस मामले में शिकायत लिखकर दे चुकी हैं। लेकिन उनकी समस्या का हल अभी तक नही हुआ है। महिलाओं ने बताया कि डोर-टू-डोर सफाई कर्मचारी हफ्ते में दो तीन ही आते है, अपनी मर्जी से सफाई करते हैं, अगर सफाई ठीक न होने पर कोई बोलता है तो वह बदसलूकी करने लगते हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम लोग टैक्स देते हैं लेकिन हमारी सुनवाई नही होती, सफाई कर्मचारियों ने टेंडर को लेकर हड़ताल की तो उनकी बात झट से सुन ली। हमारे घरों से सही ढंग से काम क्यों नही किया जा रहा जबकि हम हर महीने कूड़ा उठाने के लिए पैसे देते हैं। यह लोग बिना बताए पैसे बढ़ा देते हैं और हमें मजबूरन पैसे देने पड़ते हैं। इनको तो हमारा शु्क्रगुजर होना चाहिए कि लोग बिना किंतु-परंतु किए हर महीने की पहली तारिख को इनको पैसे दे देते हैं। फिर इसी तरह काम भी तो सही करें।
महिलाओं ने कहा कि नगर परिषद ने करोड़ो रुपये की लागत से खरीदी गाड़ियां कबाड़ कर दी उनको काम पर क्यों नही लगाया जा रहा है। लोगों ने तो यहां तक बोल दिया के सरकार को डोर टू डोर कूड़ा उठाने के लिए टेंडर प्रकिया जल्द शुरू कर देनी चाहिए ताकि पैसे देने के बाद हमारे घरों से कूड़ा उठाया जाए और सफाई सही ढंग से की जाए। गुस्सा जाहिर करती हुई महिलाओं ने कहा के सरकार ने सफाई कर्मचारियों की बात तो सुन ली हमारी बात क्यों नही सुनी जा रही है। लोगों ने कहा हम दोबारा से चौथी बार नगर परिषद को शुक्रवार को शिकायत देने के लिए आएंगे। यदि फिर भी हमारी समस्या का हल नही किया तो हमें कोई ओर रास्ता चुनना पड़ेगा। लोगों ने मांग की के या तो सफाई कर्मी सही ढंग से काम करें या फिर टेंडर लगाकर कंपनी से सही ढंग से काम करवाया जाए।
मुझे इस बारे में नहीं पता मैं कल ही उस एरिया का दौरा करके लोगों की समस्या दूर करवाने की कोशिश करूंगा। कोई समस्या लोगों को आ रही है तो हम उसे जल्द से जल्द दूर कर देंगे बाकी मैं चेक कर लूं कि उस तरफ ड्यूटी किसकी है। -शमशेर सिंह, प्रधान डोर-टू-डोर सफाई कर्मचारी यूनियन, जीरकपुर