जीरकपुर। बलटाना के सैनी विहार फेस 5 में बिजली का ट्रांसफर बदलने के लिए नई केबल डालने से नाराज एक महिला ने तेल डालकर बिजली के तार को आग लगा दी। वीडियो वायरल होने के बाद मामला गरमा गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया लेकिन राजनीतिक दबाव के चलते मामला रफा दफा कर दिया गया। वीडियो वायरल होने के बाद सारा दिन शहर में यह चर्चा चलती रही। घटना शाम करीब चार बजे की है। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार, मंगलवार को सैनी विहार फेस 5 में सुबह ही ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद पावरकाॅम विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए पहुंचे। इस दौरान एक महिला ने बवाल कर दिया और कहा कि यदि उसके घर के आगे से तार निकाली गई तो वह आग लगा देगी। पावरकॉम के कर्मचारियों ने कहा कि पिछले 15 साल से तार यहीं से निकल रही है। इसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तार पहले वाले जगह ही डाल दी। इसके बाद मीना नामक महिला ने पेट्रोल डालकर बिजली के तार को आग लगा दी। वहीं, पेट्रोल तार के नीचे खड़े एक पॉवरकाम के कर्मचारी पर गिर गया जो तुरंत वहां से भागकर दूर चला गया। इस कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। शिकायत बलटाना चौकी पहुंची लेकिन राजनीतिक दबाव के कारण फैसला करवा दिया गया।
कोट्स
मामला तो हमारे पास आया था लेकिन बिजली विभाग द्वारा कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई। बलटाना के कुछ गण्यमान्य लोगों द्वारा दोनों पार्टियों का समझौता करवा दिया है। -जशनप्रीत सिंह, बलटाना चौकी इंचार्ज