जीरकपुर। जीरकपुर क्षेत्र में पड़ते गांव लोहगढ़ में महिला की कमरे में संदिग्ध हालात में दुप्पटे से लटकती लाश मिली है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय गुरप्रीत कौर निवासी जीरकपुर के तौर पर हुई है। थाना प्रमुख इंस्पेक्टर गुरवंत सिंह ने बताया कि बीती दोपहर सूचना मिली थी कि लोहगढ़ गांव के नजदीक स्थित स्काईनेट एनक्लेव सोसायटी के नजदीक एक शोरूम पर बने कमरे से बदबू आ रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजे की चिटकनी तोड़कर कमरा खोला तो अंदर वहां रहती महिला का शव दुपट्टे से लटक रहा था। पुलिस ने बताया कि महिला तलाकशुदा थी जो छह महीने से यहां किराए पर रहती थी। महिला की दो शादियां हुईं थीं दोनों से तलाक हो गया था। उसकी पहली शादी से एक बेटी भी है जो उसकी जीरकपुर निवासी मां के पास रहती है। पुलिस को मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। थाना प्रमुख ने बताया कि मृतका चंडीगढ़ सेक्टर-34 की निजी कंपनी में काम करती थी।