मोहाली। जगराओं में दो थानदारों की हत्या के मामले के एक आरोपी जसप्रीत सिंह जस्सी निवासी खरड़ की पत्नी लवप्रीत कौर निवासी फतेहगढ़ साहिब को थाना सोहाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लवप्रीत से उसके पति और उसके जाली आधार कार्ड, वोटर कार्ड, मुहर और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि उसके बैंक खाते में सवा करोड़ रुपये का लेनदेन भी विदेश से हुआ है। वहीं, लवप्रीत पर आरोपी पति को पनाह देने के अलावा अब धोखाधड़ी, जाली मुहर-दस्तावेज तैयार करने और 24 इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है, कई और खुलासे होने के आसार हैं।
जानकारी के मुताबिक जगराओं में पिछले शनिवार को दो पुलिस थानेदारों की हत्या हुई थी। इस केस के एक आरोपी जसप्रीत उर्फ जस्सी की पत्नी लवप्रीत कौर निवासी गांव बंदेशा, फतेहगढ़ साहिब पर सोहाना थाने में रविवार को केस दर्ज किया गया था। उस पर आरोप हैं कि वह दिखावा करती रही कि वह अपने ससुराल और पति से अलग रहती है और अपने पति के संपर्क में नहीं है। शिकायत के मुताबिक यह उसका रचा हुआ नाटक था और पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह कर रही थी। यह सब वह अपने पति को बचाने के लिए कर रही थी। असल में वह अपने पति जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी को छिपाने के लिए ससुराल वालों से अलग रहकर आने पास पनाह दे रही थी। साथ ही उसकी वित्तीय मदद भी करती रही।
जसप्रीत पर जनवरी, 2021 में सोहाना थाने में अपहरण और हत्या के प्रयास के तहत केस दर्ज हुआ था। उस पर आरोप है कि उसने इमिग्रेश्न कंपनी के मालिक प्रीतपाल सिंह और उसके दोस्त को पिस्तौल के बल पर किडनैप किया था। आरोपी उस समय से ही फरार चल रहा है। जसप्रीत सिंह का नाम उन चार अपराधियों में शामिल है, जिन्होंने शनिवार को जगराओं में पंजाब पुलिस के दो थानेदार एएसआई की हत्या कर दी थी। इस हत्या में अन्य अपराधियों में पंजाब पुलिस का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर जयपाल भुल्लर, बलजिंदर सिंह और दर्शन सिंह के नाम शामिल हैं।