मोहाली। एक विधवा ने एक नामी पंजाबी सिंगर किंग-बी उर्फ सुनील चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि सिंगर ने उसे शादी का झांसा देकर उससे लाखों रुपये हड़प लिए हैं। जबकि आरोपी उसके साथ काफी समय तक लिव इन में रहा है, जबकि शादी किसी और से कर ली है। सिंगर ने जो उसके लाखों रुपये हड़पे हैं, इस कारण वह धक्के खाने को मजबूर है। तीन जगह शिकायत करने पर भी पुलिस उसको सिर्फ आश्वासन ही दे रही है। लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
पीड़ित विधवा ने वीरवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि उसकी मुलाकात पंजाबी सिंगर सुनील चौहान से साल 2017 में फेसबुक के जरिये हुई। दोनों की दोस्ती आगे बढ़ी। उसके पति की मौत हो चुकी है, जबकि उसके दो बच्चे हैं। सिंगर ने उसके प्रति हमदर्दी दिखाई और साथ ही उसे शादी का झांसा देकर उससे नजदीकियां बढ़ाई। पीड़िता ने आरोप लगाए कि पति की मौत के बाद उसकी प्रॉपर्टी का बनता हिस्सा 75 लाख रुपये उसको मिला था। जालंधर में उसकी 95 लाख की कोठी थी। आरोपी ने उसे चंडीगढ़ में बसने के सपने दिखाकर उसकी जालंधर स्थित कोठी बिकवा दी। कोठी से मिली रकम में से उसे सिर्फ 16 लाख रुपये ही दिए, जबकि बाकी का कैश सिंगर ने खुद रख लिया। कोठी बेचने के बाद वह खरड़ में आकर रहने लगे। इसी दौरान आरोपी सिंगर ने गाने निकालने के लिए और कभी अन्य बहाने बनाकर उसका बचा हुआ कैश भी लूट लिया। उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए और फिर 6 महीने बाद सिंगर सुनील चौहान उसको छोड़कर चला गया।
सिंगर ने विधवा के आरोपों को नकारा
वहीं, इस मामले में सिंगर किंग-बी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने बताया कि उक्त महिला मेरे कैरियर को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही है। उक्त महिला ने मेरे खिलाफ जहां भी शिकायत दी है, वहां मैं खुद समय पर पुलिस के आगे पेश हुआ और सबूत पेश किए। उन्होंने बताया कि उनके पास महिला के खिलाफ पर्याप्त सबूत है। वह जल्दी ही इस मामले में बड़ा खुलासा करेंगे।