लालड़ू। लालड़ू में टंकी से बहते पानी को लेकर बाप ने डांट लगाई तो बेटे ने बेरहमी से पिटाई कर दी। गुस्साए बेटे ने पहले पिता का गला दबाया फिर मुंह पर मुक्के बरसाए और घर से बाहर निकाल दिया। घायल पिता मिथलेश कुमार लालड़ू मंडी में रहते हैं। पेशे से इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर मिथलेश हिमाचल के बद्दी में काम करते हैं और सप्ताहांत पर घर आते हैं। उन्होंने रविवार को घर में पानी की बर्बादी देखकर पत्नी से सवाल किया कि कोई ध्यान क्यों नहीं रखता। इसी बात पर तीनों बेटों में से मंझले बेटे को गुस्सा आ गया और उसने पिता पर हाथ उठा दिया।
बेहोश हुए पिता को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया
घर से कुछ दूर जाने के बाद मिथलेश बेहोश होकर गिर पड़े। राहगीरों ने उन्हें पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए उन्हें फेज-6 सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक घायल की दोनों आंखों के आसपास गहरी सूजन और चोटें हैं। हाथ-पैरों में भी अंदरूनी चोट के निशान हैं। घायल की शिकायत पर डॉक्टरों ने थाना पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पीड़ित की शिकायत के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की बात कही जा रही है।