अस्पताल में इलाज करवाता घायल वीरपाल। संवाद
जीरकपुर। ढकोली स्थित एक मैरिज पैलेस में शादी समारोह के दौरान कुछ लोगों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसके सिर पर शराब की बोतल फोड़ दी। शराब पीकर हंगामा कर रहे लोगों ने युवक की पीठ पर वार कर उसको घायल कर दिया। घायल की पहचान सेक्टर-21 निवासी 30 वर्षीय वीरपाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शादी के दौरान डीजे पर कुछ लोग शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। वीरपाल ने उनको समझाने की कोशिश की तो आरोपी उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उसने उन्हें ऐसा करने से रोका तो उस पर चाकू से हमला कर दिया। वीरपाल को लहूलुहान हालत में उपचार के लिए पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-21 निवासी वीरपाल ने बताया कि रविवार रात को परिवार में शादी थी। शादी समारोह ढकोली स्थित एक मैरिज पैलेस में रखा गया था। रात करीब एक बजे समारोह में कुछ लोग शराब पीकर हंगामा करने लगे। कपड़े उतारकर डांस करने लगे। वीरपाल ने उनको रोकने का प्रयास किया, तो हंगामा कर रहे लोगों ने नाराजगी प्रकट की। उन्होंने अपने 20-22 अन्य साथियों को बुला लिया और वीरपाल के साथ झगड़ा करने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, मगर इसी दौरान उन्होंने चाकू निकालकर वीरपाल की पीठ और हाथ में घोंप दिया। इसके अलावा शराब की बोतल उठाकर उसके सिर पर फोड़ दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर वीरपाल को बचाया।
हमारे पास अभी अस्पताल से कोई सूचना नहीं आई है। सूचना मिलने के बाद घायल के बयान दर्ज किएजाएंगे। उसके बाद जो बनती कार्रवाई होगी की जाएगी। - बलजीत सिंह, ड्यूटी आफिसर थाना ढकोली