मोहाली। गांव सोहाना में एक जिम ट्रेनर ने नए जिम में जाॅइन कर लिया तो भड़के पुराने जिम के मालिक ने उस पर दो लोगों के साथ मिलकर हमला कर दिया। इस हमले में जिम ट्रेनर के सिर पर गहरी चोट आई है और उसको दो टांके लगे हैं। इसका इलाज फेज-6 के सिविल अस्पताल में चल रहा है। घायल ट्रेनर के कहने पर डाक्टर ने संबंधित थाना पुलिस को सूचना दे दी है और पुलिस जांच कर रही है।
घायल जिम ट्रेनर सुनील निवासी गांव सोहाना ने बताया कि वह तीन साल से सोहाना के जिम में ट्रेनर था। लेकिन जनवरी के शुरू में ही जिम के मालिक ने उसे चोरी का शक होने पर निकाल दिया था। लेकिन जब उनको पता चला कि उसने चोरी नहीं की थी तो दोबारा बुलाने लगे। लेकिन उसने दूसरे जिम में नौकरी शुरू कर दी थी। जब पुराने जिम मालिक को इसका पता चला तो वह पिछले शुक्रवार को नए जिम में आकर उसके साथ गाली-गलाैज करने लगा और नए जिम मालिक को उसके खिलाफ भड़काने लगा। लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी। पुराना जिम मालिक सुनील को मारने की धमकी देकर चला गया।
बुधवार की रात करीब 10 बजे सुनील जब जिम बंद करके दोस्त के साथ जा रहा था तो उसके पुराने जिम मालिक ने उसके सिर पर पीछे से ईंट से हमला कर दिया। इससे वह वहीं पर गिर गया। इसके बाद जिम मालिक और दो अन्य लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट की। जब आसपास के लोगों और उसके दोस्त ने बचाने की कोशिश की तो वह उसे धमकी देकर भाग गए। इसके बाद घायल सुनील को उसके दोस्त ने फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।