खरड़। बडाला रोड टी-पॉइंट पर स्कूटर पर जा रहे दो चोरों को दुकानदारों ने पहचान कर पकड़ने का प्रयास किया तो एक चोर मौका पाकर भाग गया, जबकि दूसरे को दुकानदारों ने पकड़ लिया। चोर ने खिलौना पिस्तौल दिखाकर डराने का भी प्रयास किया, लेकिन लोगों ने पिस्तौल कब्जे में लेकर उसकी पिटाई कर दी। बुलाने पर पुलिस के नहीं पहुंचने पर लोगों ने कुछ देर जाम लगाकर विरोध भी जताया। दुकानदारों का आरोप था कि दोनों दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी करते हैं।
इनके स्कूटर का नंबर भी कैमरे में कैद हुआ था। पकड़े गए चोर ने शुरुआती पूछताछ में बताया कि वह नशे के लिए अपने साथी के साथ मिलकर चोरी करता था। आज भी उसने नशा किया हुआ था। बार-बार पुलिस को फोन करने के बावजूद जब पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, तो गुस्से में लोगों ने कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लगा दिया। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और चोर तथा नकली पिस्तौल को अपने साथ ले गई।