मोहाली। शनिवार सुबह हुई बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कई प्रमुख इलाकों में पानी जमा होने से लोगों को भारी परेशानी हुई। सीवरेज ओवरफ्लो और सड़कों पर जलभराव से यातायात भी प्रभावित रहा।
खरड़-बलौंगी फ्लाईओवर के नीचे सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़क पर फैल गया। इससे वाहन चालकों को दिक्कत हुई और वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कुछ समय के लिए जाम जैसी स्थिति भी बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या हर बारिश में आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। एयरपोर्ट रोड पर बल्लोमाजरा गांव से गुजरने वाली सर्विस रोड भी जलभराव की चपेट में रही। पानी की निकासी न होने से दुकानों के बाहर पानी भर गया, जिससे दुकानदारों को ग्राहकों की आवाजाही में परेशानी हुई।
कारोबार और यातायात पर असर
व्यापारियों ने बताया कि हर बरसात में यही स्थिति बनती है, जिससे उनका कारोबार प्रभावित होता है। शाहीमाजरा स्थित आरएमसी प्वाइंट के बाहर मुख्य सड़क पर भी लंबे समय तक पानी खड़ा रहा। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों को विशेष परेशानी हुई। कई लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा।