पानी न मिलने पर रोष प्रकट करते लोग। -संवाद
- फोटो : MOHALI
डेराबस्सी। वार्ड-3 के अधीन आने वाले मीरपुर में चार दिनों से पानी की सप्लाई न आने कारण लोगों में रोष पाया जा रहा है। इस समस्या के हल के लिए स्थानीय लोग कई बार संबंधित अधिकारियों से मांग कर चुके हैं लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
इस संबंधी संजीव कुमार, नछतर सिंह, जमनी देवी, जेब राम, चरना, भोली, बबलू, अरविंद, कार्तिक आदि ने बताया कि हमारे मोहल्ले में चार दिनों से पीने वाला पानी नहीं आ रहा है। एक ओर लोग कोरोना से परेशान हैं वहीं, अब पानी जैसी बुुनियादी सुविधा भी नहीं मिल रही है। जून के महीने में इस बार गर्मी भी सारे रिकार्ड तोड़ रही है। रोजाना तापमान 40 डिग्री से ऊपर जा रहा है। इस भीषण गर्मी में बिना पानी के एक मिनट भी रहना मुश्किल है लेकिन वह पिछले चार दिनों से पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। इस संबंधी नगर काउंसिल के कार्यकारी अधिकारी बरजिंद्र सिंह ने कहा कि जल्द ही संबंधित अधिकारियों को समस्या का समाधान करने के निर्देश दे दिए जाएंगे।