जीरकपुर। ढकौली थाने के सामने स्थित गुरु नानक कॉलोनी में रहने वाले लोग लंबे समय से पानी की किल्लत को लेकर परेशानियों का सामना कर रहे हैं, हालांकि कॉलोनीवासियों की तरफ से काउंसिल दफ्तर में अधिकारियों को कई बार शिकायत दर्ज करवाकर समस्या के समाधान की मांग की। परंतु अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आलम यह है कि कॉलोनी के अंदर मिलने वाले पानी की सप्लाई का प्रेशर बहुत कम है जिस कारण लोग कई बार पानी से वंचित रहते हैं।
कॉलोनी के अंदर रहने वाले अधिकतर लोग नौकरी-पेशा हैं जिनको अपने कार्यों को लेकर सुबह जल्दी ऑफिस के लिए जाना होता है। कॉलोनी के अंदर काउंसिल द्वारा पानी की सप्लाई जिस ट्यूबवेल से की जाती है वो अब कॉलोनीवासियों की मांग पूरी करने में असमर्थ हैं। इस कारण कॉलोनी में पानी की सप्लाई कम प्रेशर से होती है। दूसरी ओर लो प्रेशर पानी की सप्लाई के चलते कॉलोनीवासियों को कई तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ता है क्योंकि कुछ लोग मोटर की मदद से पानी टंकी तक पहुंचाते हैं जिसका असर यह होता है अन्य घर के लोग कई बार पानी से वंचित रह जाते हैं। कॉलोनी वासियों की तरफ से कई बार काउंसिल अधिकारियों से मिलकर समस्या के समाधान की मांग की लेकिन कोई हल नहीं हुआ।