मोहाली। शहर के लोगों को दो दिन पानी के संकट का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि कजौली वाटर वर्क्स के फेज-3 की लाइन में गांव सखोमाजरा के नजदीक लीकेज हो गई है। विभाग की ओर से इसकी मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। हालांकि इस काम में करीब दो दिन लगने की संभावना है। ऐसे में शनिवार और रविवार को शहर में सुबह-शाम जहां पानी की सप्लाई लो प्रेशर से होगी, वहीं, दोपहर के समय पानी की सप्लाई बंद रहेगी।
वाटर सप्लाई विभाग के एक्सईएन सुनील कांसल ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग की ओर से लोगों को पानी मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से सहयोग की अपील की है। वाटर सप्लाई विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक कजौली वाटर वर्क्स योजना के तहत चंडीगढ़ जाने वाली फेज-3 की लाइन में गांव सखोमाजरा में लीकेज हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही विभाग ने तुरंत यहां मरम्मत का काम शुरू कर दिया। हालांकि अंडरग्राउंड लाइन होने के कारण मरम्मत के काम में दिक्कत आ रही थी। इस दौरान सेक्टर-70-71, गांव मटौर, शाहीमाजरा, फेज-9, 10, 11 और इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 से 5 में सुबह और शाम पानी की सप्लाई कम प्रेशर से होगी। वहीं दोपहर में पानी की सप्लाई बंद रहेगी। शाम को कम प्रेशर से पानी की सप्लाई होगी।
ऊपरी मंजिल वालों को आएगी दिक्कत
जानकारी के मुताबिक इस दौरान पानी की सप्लाई लो प्रेशर से होने के कारण ऊपरी पहली और दूसरी मंजिल पर रहने वाले लोगों को दिक्कत होगी। क्योंकि दोनों की मंजिल पर पानी नहीं चढ़ेगा, इस कारण उन्हें ग्राउंड फ्लोर से पानी लेकर जाना होगा। हालांकि जिन लोगों के परिवार बड़े हैं, उन्हें सबसे ज्यादा दिक्कत उठानी पड़ेगी। फेज-5 निवासी जसवंत कौर का कहना है कि पिछले एक साल से कई बार इस तरह की समस्या आई है। वाटर सप्लाई विभाग को इस समस्या का स्थायी हल तलाशना होगा, ताकि लोगों को इस प्रकार की दिक्कत न आए।