मोहाली के गांव झंजेड़ी में अधिकरियों ने पंप ऑपरेटर को फटकार लगाई तो लोगों की पानी की समस्या दूर हो गई। गांव में आज वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारी पहुंचा तो ऑपरेटरों में हड़कंप मच गया। अफसरों ने गांव के सरपंच के साथ पंप आपरेटर से पूछताछ की। इस दौरान ऑपरेटर को जमकर लताड़ लगाई गई। साथ ही पूरे इलाके में पानी सप्लाई बहाल की गई। पंप ऑपरेटर को नसीहत दी गई है कि दोबारा ऐसा नहीं होना चाहिए। वरना उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह ही विभाग के अधिकारी गांव पहुंच गए थे।
इसके बाद उन्होंने पहले सरपंच से मीटिंग की। इसके बाद पंप ऑपरेटर से पूछताछ की। साथ ही उसे नसीहत दी गई कि वह दोबारा ऐसा न करे। इसके अलावा जिन लोगों ने मेन टोंटी में पंप लगा रखे थे, उन्हें खुद उतारने के आदेश दिए। गांव निवासी रुस्तम ने कहा कि अमर उजाला के प्रयास से ही उन्हें पानी संभव हुआ है। वरना इससे पहले वह पंप ऑपरेटर से लेकर अधिकारियों तक से गुहार लगा चुके थे। लेकिन किसी ने उनकी सुनवाई नहीं की। जिक्रयोग है कि अमर उजाला ने 30 अप्रैल ‘रसूखदारों को पानी, आम लोग तरसे’ शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद वाटर सप्लाई विभाग के अधिकारी हरकत में आए। वहीं, गांव की सरपंच अमरजीत कौर ने बताया कि इलाके में सुचारु तरीके से पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। पंप ऑपरेटर से भी पूछताछ की गई है।
फर्जी कनेक्शन काटे, जोड़ी गई पाइप
विभाग के जेई सरबजीत सिंह ने बताया शनिवार को सुबह से वाटर सप्लाई विभाग की टीमें गांव चली र्गइं थीं। इसके बाद जिन लोगों ने भी इलाके में फर्जी तरीके से कनेक्शन लिए हुए थे। उन्हें काटने की कार्रवाई की गई है। वहीं, जहां भी लाइनों में लीकेज हो रही थीं। उसे सुधारने की कार्रवाई की गई है।