जीरकपुर। वीआईपी रोड पर बरसात के दिनों में जमा होने वाले पानी की वजह से लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। यहां पाइपलाइन बिछाने के लिए प्रस्ताव को मंजूरी दे गई है। यह जानकारी नगर परिषद प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने दी।
ढिल्लों का कहना है कि लंबे समय से लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही थीं। हैरानी की बात है कि 20 साल तक अकाली दल की सत्ता होने के बावजूद लोग सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक वीआईपी रोड पर स्थित पेंटा होम सोसाइटी से माया गार्डन सोसाइटी तक निकासी न होने से पानी सड़क पर जमा हो जाता है। इससे सड़क को नुकसान होने के साथ-साथ लोगों को भी आवाजाही में मुश्किल होती है।
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर सभी कार्य किए गए हैं, परंतु बरसाती पानी की निकासी को लेकर उचित प्रबंध नहीं किए गए। बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप धारण कर लेती है। प्रधान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि वीआईपी रोड पर बरसाती पानी की निकासी के लिए लाखों रुपये का प्रस्ताव पास किया गया है। मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू करवा दिया जाएगा।