मोहाली। फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में रविवार को छुट्टी वाले दिन भी टीकाकरण किया गया। इस मौके पर कोरोना के खिलाफ चल रही टीकाकरण मुहिम के तहत उन अधिकारियों का भी टीकाकरण किया गया जो कि विभिन्न राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में ड्यूटी निभाने जा रहे हैं। इस अवसर पर सिविल अस्पताल में खास प्रबंध किए गए थे। एसएमओ डॉ. भगत की अगुवाई में यह मुहिम चलाई जा रही है। इस अवसर पर सिविल अस्पताल में पहुंचकर एक 89 वर्षीय बुजुर्ग ने टीका लगवाया। जिले में 60 साल के ऊपर के 3943 लोगों को कोरोना का पहला टीका लगाया जा चुका है। जबकि 45 से 60 साल के आयु वर्ग के बीच 645 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।