लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित गांव सरसीनी के पास ट्रैक्टर और कार की टक्कर में कार सवार चार युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर लगते ही ट्रैक्टर के दो टुकडे़ हो गए और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। चारों युवकों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
एएसआई चमकोर सिंह ने बताया कि कार सवार चारों युवक निवासी मदहेडी, जिला हिसार से चंडीगढ़ अपने भाई से मिलने जा रहे थे। जैसे ही वे लालड़ू स्थित सरसीनी के पास पहुंचे तो गांव सरसीनी से हाईवे की और जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से कार की जोरदार टक्कर हो गई। कार सवार चारों युवक बिंटू, हंश, कृष्ण और प्रवीन गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इन्हें पहले डेराबस्सी से सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। यहां से डॉक्टरों ने इन्हें जीएमसीएच सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर कर दिया। यहां पर युवक हंश उपचाराधीन है, जबकि अन्य को हिसार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने हंश के बयान पर फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।