मोहाली। गांव जगतपुरा में पति ने पत्नी को मां से बात करने का ताना दिया, जब पत्नी ने ताना देने का कारण पूछा तो पति ने घर के सामने सड़क पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इससे पत्नी के शरीर पर काफी अंदरूनी चोट आई है। इसके बाद घायल को पड़ोसियों ने फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। डॉक्टर ने घायल के कहने पर पुलिस को सूचना दे दी है।
गांव जगतपुरा निवासी अनु ने बताया कि उसकी 13 साल पहले शादी हुई थी। शुरुआत से ही उसका पति उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। जब वह उससे पैसे मांगती तो उसके साथ मारपीट करता था। पिछले रविवार को जब वह अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी तो पति घर के बाहर पड़ोसियों के सामने उसे ताना देने लगा कि इसकी मां ही घर उजाडेगी। जब उसने पूछा कि उसकी मां ने कैसे उसका घर उजाड़ा है तो वह उसे पीटने लगा और उसके गले में दुपट्टा बांधकर घर से बाहर सड़क पर ले गया और मारपीट की। पड़ोसियों ने उसे पति से बचाया। संवाद