क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान मौजूद खिलाड़ी।
- फोटो : MOHALI
मोहाली। कोरोना से जंग के बीच युवाओं में जोश भरने और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का संदेश देते हुए उत्तराखंड युवा मंच व स्ट्रोकर्स क्रिकेट अकादमी के सहयोग से अमर उजाला द्वारा दो दिवसीय उत्तराखंड टी-10 कप टूर्नामेंट करवाया जा रहा है।
शनिवार को टी-10 कप का लांडरां स्थित स्ट्रोकर्स अकेडमी के मैदान में आगाज हुआ। टूर्नामेंट में ट्राइसिटी में सक्रिय उत्तराखंड की संस्थाओं की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसमें उत्तराखंड के युवा ही भाग लेंगे। टूर्नामेंट में कोविड दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक दो दिवसीय टूर्नामेंट को लेकर युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस दौरान मैच में युवा खिलाड़ियों का जोश बढ़ाने के लिए ट्राइसिटी में रहने वाले उत्तराखंड के कई नामी लोग अपने परिवारों सहित पहुंचे। उत्तराखंड मंच के अध्यक्ष धर्मपाल रावत ने बताया कि युवा मंच हमेशा से ही समाज हित में कुछ नया करने के लिए पहचाना जाता है। इसी के तहत अब ट्राइसिटी में खेल प्रतिभाओं को तराशने का भी बीड़ा उठाया गया है। प्रतिभाशाली व आर्थिक रूप से कमजोर खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए उत्तराखंड युवा मंच और अकादमी पूरा सहयोग करेगी। मंच के प्रवक्ता प्रीतम नेगी व गणेश रावत ने बताया कि टूर्नामेंट के पहले दिन विशेष अतिथियों के तौर पर सतीश जोशी व गढ़वाल सभा के प्रधान विक्रम विष्ट, भूपिंदर शर्मा, बीएस बिष्ट व पार्षद शक्ति देवशाली ने शिरकत की। रविवार को चंडीगढ़ की पार्षद गुरबख्श रावत, पार्षद हीरा नेगी, मंच के वरिष्ठ सदस्य सैलेश शर्मा व उद्योगपति अनिल कुमार बद्री पहुंचेंगे। इतना ही नहीं चंडीगढ़ किक्रेट टीम के कैप्टन बिपुल शर्मा भी युवाओं का जोश बढ़ाने के लिए शिरकत करेंगे। इस मौके पर जगदीश असवाल, बीबी बहुगुणा, रनजीत भंडारी, शांति बहुगुणा, चंद्रपाल गोसाई, सुनीता भट्ट, जसवंत रावत समेत मंच के कई सदस्य मौजूद रहेंगे।