डेराबस्सी। डेराबस्सी के इंडस इंटरनेशनल अस्पताल में इलाज के दौरान एक 80 साल की बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल में माहौल गरमा गया। मृतक ब्रिजबाला मल्होत्रा के परिवार ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार ने महिला की मौत पर हंगामा किया और इनसाफ की मांग की। माहौल खराब होते देख पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार को शांत कराया। पुलिस ने शिकायत मिलने पर जांच कराने का भरोसा दिया है।
परिजनों का आरोप है कि जीरकपुर निवासी ब्रिजबाला की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल लाया गया था। यहां विशेषज्ञ डॉक्टर की जगह स्टाफ ने ही इलाज किया। उनका कहना है कि विशेषज्ञ डॉक्टर समय पर नहीं पहुंच पाए। इसके चलते बुजुर्ग को सही इलाज नहीं मिला और उनकी मौत हो गई। दूसरी तरफ, अस्पताल प्रबंधन के विनिश नरोला ने लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग की हालत पहले से ही बहुत गंभीर थी। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की। मृतका के परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि ब्रिजबाला को तबीयत खराब होने पर इंडस अस्पताल लाया गया था। यहां विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे। स्टाफ ने ही उनका इलाज किया, जिससे समय पर सही उपचार नहीं मिल पाया। परिजनों ने इस लापरवाही को मौत का कारण बताया है।
जांच शुरू की, जल्द कार्रवाई की जाएगी
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रमुख सुमित मोर ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने किसी भी लापरवाही से इनकार कर कहा कि बुजुर्ग की हालत पहले से ही गंभीर थी।