शव को पहचान के लिए 72 घंटे के लिए फेज 6 के सरकारी अस्पताल में रखवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। मोहाली के पुराने बैरियर के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। फेज -1 थाने में इस संबंध में सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फेज- 1 थाने के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि किसी राहगीर ने फेज- 1 थाने को सूचना दी कि पुराने बैरियर के पास एक लावारिस शव पड़ा है। एएसआई बलविंदर सिंह ने आगे बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर गई और जांच की। जांच के दौरान पता चला कि मृतक की उम्र लगभग 34 से 35 वर्ष है जिसने काले रंग की जैकेट और लोअर पहना हुआ था। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान के लिए जब उसके कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें कोई पहचान पत्र नहीं मिला। मृतक की पहचान के लिए शव को 72 घंटे के लिए फेज 6 के सरकारी अस्पताल के मोर्चरी में रख दिया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर किसी को इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो तो वे फेज-1 पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।