मोहाली। फेज-7 स्थित ईएसआई अस्पताल में आज से अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने जा रही है। साथ ही अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट भी तैनात कर दिया गया है, जिससे एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांच अब तुरंत उपलब्ध होंगी। यह सुविधा उन मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगी, जिन्हें अब तक इन जरूरी जांचों के लिए बाहर जाना पड़ता था। जानकारी के अनुसार बुधवार को विधायक कुलवंत सिंह नई अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन करेंगे।
लंबे समय से कमी का असर
अस्पताल में पिछले 15 साल से रेडियोलॉजिस्ट की कमी थी। मरीजों को एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें कराने के लिए निजी या अन्य सरकारी संस्थानों का रुख करना पड़ता था। इससे समय, पैसा और गंभीर हालात में परेशानी बढ़ जाती थी। अब रेडियोलॉजिस्ट और नई मशीनों के आने से ये समस्या खत्म होगी।
नई सुविधाओं से मरीजों को सीधे फायदा
अब अस्पताल में कई नई सुविधाएं और विशेषज्ञ डॉक्टर तैनात किए जा चुके हैं।
- विशेषज्ञ डॉक्टर : ऑर्थो, आखों, ईएनटी, गाइनोकॉलोजिस्ट, पीडियाट्रीशियन, जनरल मेडिसिन और सर्जन
-अल्ट्रासाउंड मशीन: बुधवार से चालू
- एक्स-रे मशीन : फुली ऑपरेटेड
- ब्लड बैंक यूनिट : एक महीने के अंदर शुरू
- 108 नंबर एंबुलेंस : दो एंबुलेंस पक्की तैनात, सरकारी और प्राइवेट दोनों अस्पतालों में मरीजों को छोड़ेंगी
अस्पताल प्रशासन की प्रतिक्रिया
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेगा। गंभीर बीमारियों में तुरंत जांच और इलाज की सुविधा मिलने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
मरीजों को हो रही राहत
इन नई सुविधाओं के शुरू होने से अस्पताल आने वाले मरीजों की परेशानी काफी हद तक कम होगी। पहले जहां मरीजों को जरूरी जांच के लिए बाहर जाना पड़ता था, अब उन्हें अस्पताल में ही पूरा इलाज मिल सकेगा। इस कदम से न केवल मरीजों की सुविधा बढ़ी है, बल्कि अस्पताल की विश्वसनीयता और सेवा गुणवत्ता में भी सुधार होगा।