मोहाली/लालडू। लालड़ू पुलिस ने नाकाबंदी कर दो युवकों को 14 किलो 370 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को चंडीगढ़ -अंबाला हाईवे पर घोलूमाजरा बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी उत्तराखंड नंबर की कार में सवार थे। गिरफ्तार आरोपी रणजोध सिंह निवासी गांव मदर थाना खालड़ा जिला तरनतारन, जसवीर सिंह निवासी गांव माडी थाना भिखीविंड जिला तरनतारन से पांच हजार रुपये की ड्रग मनी भी बरामद हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसपी देहात मनप्रीत सिंह ने बताया कि थाना लालडू इंस्पेक्टर सिमरन सिंह पुलिस पार्टी के साथ तस्करों की धरपकड़ के लिए गश्त पर तैनात थे। उसी दौरान एसएचओ को इनपुट मिली कि दो तस्कर बड़ी मात्रा में अफीम की खेप लेकर मोहाली की तरफ आ रहे हैं। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर घोलूमाजरा बस स्टॉप के पास एक उत्तराखंड नंबर की इनोवा को रोका। इसमें रणजोध सिंह और जसवीर सिंह सवार थे। पुलिस पार्टी ने मौके पर डीएसपी सब डिवीजन डेराबस्सी नवीनपाल सिंह लहल को बुलाया।
डीएसपी की मौजूदगी में कार में रखे बैग में दो मोमी लिफाफे बरामद हुए। एक लिफाफे से 7 किलो 545 ग्राम और दूसरे लिफाफे में 6 किलो 825 ग्राम (कुल 14 किलो 370 ग्राम अफीम) बरामद हुई। आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।