मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया थाने की पुलिस ने बैंक लुटने की प्लानिंग कर वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे दो आरोपियों को रिवॉल्वर और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। यह दोनों दिल्ली से मोहाली आकर रात को गांव बलौंगी के एक होटल में ठहरे थे। इनकी प्लानिंग मोहाली में बैंक और एक फैक्टरी को लुटने की थी, हालांकि यह दोनों वारदात को अंजाम दे पाते, इससे पहले ही पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
थाना फेज-1 पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान राजीव कुमार निवासी मटरहेड़ी जिला कैथल, हरियाणा और रवि कुमार निवासी अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से 32 बोर की रिवाल्वर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इंडस्ट्रियल एरिया थाना फेज-8बी के चौकी इंचार्ज अवतार सिंह ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ में जल्दी ही कई खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुुताबिक दोनों आरोपी 10वीं पास हैं। दोनों ही पूरी प्लानिंग से मोहाली में बैंक और कोई फैक्टरी को लूटने के लिए आए थे। जब आरोपी गांव बलौंगी के एक होटल में रात गुजारने के बाद वारदात को अंजाम देने के लिए जा रहे थे। इससे पहले कि वह वारदात करने में कामयाब हो पाते, उससे पहले ही इस बात की भनक पुलिस को लग गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनसे रिवॉल्वर और तीन कारतूस बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि उन्होंने हरियाणा और पंजाब में कई और जिलों में लूटमार की वारदातों को अंजाम दिया है। उनके खिलाफ विभिन्न जिलों में केस दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया। यहां से दोनोें आरोपियों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
चौकी इंचार्ज अवतार सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। इस संबंध में हरियाणा पुलिस को भी अलर्ट भेज दिया गया है।