मोहाली। जिले में दो दिन बाद मंगलवार को कोरोना महामारी से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 नए संक्रमित सामने आए हैं। साथ ही 52 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। वहीं, जिले में अब केवल 385 सक्रिय केस रह गए हैं। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों से अपील की है कि अभी कोरोना का खतरा कम नहीं हुआ है। अगर लोगों ने लापरवाही की तो तीसरी लहर शुरू हो सकती है। इसलिए सभी को पूरी तरह से कोरोना गाइडलाइन का पालन जरूर करते रहना चाहिए। साथ ही 18 साल से अधिक उम्र वाले लोग कोरोना टीकाकरण जरूर करवाएं, इस महामारी को मात दी जा सके। उन्होंने बताया कि यह समय काफी अहम है। भले ही कोरोना के केस कम हो रहे हैं। लेकिन फिर भी सावधानी रखने की जरूरत है।
जानकारी के मुताबिक जिले में जिन दो लोगों की कोरोना महामारी से मौत हुई है, उनके बारे में जिला प्रशासन की ओर से ज्यादा जानकारी नहीं दी गई। प्रशासन ने बताया है कि संक्रमित केसों में डेराबस्सी से तीन, ढकोली से आठ, खरड़ से 11, मोहाली से छह और कुराली से दो केस सामने आए हैं। इसके साथ ही अब तक जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 68077 हो गई है। इनमें से 66651 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 385 केस सक्रिय हैं और अब तक 1041 लोगों की मौत हुई है।
बता दें कि मोहाली जिला पंजाब के उन जिलों में शुमार है, जहां पर कोरोना से सबसे अधिक मौतें हुई हैं। इसके बाद जिला प्रशासन ने अपने स्तर पर कई इंतजाम किए थे। एक तरफ जहां कोविड केयर सेंटर की क्षमता बढ़ाई गई थी। वहीं, नए कोविड केयर सेंटर खोल गए थे। इसके अलावा टेस्टिंग सेंटरों की सुविधा में बढ़ोतरी की गई थी। उम्मीद है कि इससे अब आम लोगों का फायदा होगा।